Saturday, April 27, 2024

न्यूज़ अलर्ट
1) अक्षरा सिंह और अंशुमान राजपूत: भोजपुरी सिनेमा की मिली एक नयी जोड़ी .... 2) भारतीय मूल के मेयर उम्मीदवार लंदन को "अनुभवी सीईओ" की तरह चाहते हैं चलाना.... 3) अक्षय कुमार-टाइगर श्रॉफ की फिल्म का कलेक्शन पहुंचा 50 करोड़ रुपये के पार.... 4) यह कंपनी दे रही ‘दुखी’ होने पर 10 दिन की छुट्टी.... 5) 'अब तो आगे...', DC के खिलाफ जीत के बाद SRH कप्तान पैट कमिंस के बयान ने मचाया तूफान.... 6) गोलीबारी... ईवीएम में तोड़-फोड़ के बाद मणिपुर के 11 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का फैसला.... 7) पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने "टेक सिटी" को "टैंकर सिटी" बनाया, सिद्धारमैया ने किया पलटवार....
अध्यात्म का महीना है रमज़ान / सैयद सलमान
Friday, March 8, 2024 - 2:14:44 PM - By सैयद सलमान

अध्यात्म का महीना है रमज़ान / सैयद सलमान
रमज़ान आध्यात्मिक चिंतन, आत्म-सुधार, उच्च भक्ति, इबादत और अल्लाह के प्रति समर्पण का महीना है
साभार- दोपहर का सामना 08 03 2024

अगले सप्ताह से पवित्र रमज़ान माह की आमद है। चंद्रमा के हिसाब से २९ या ३० दिनों तक मुस्लिम समाज रोज़ा यानी उपवास रखेगा। एकेश्वर पर ईमान, नमाज़, ज़कात, हज के साथ पांच फ़र्ज़ में से रोज़ा रखना एक महत्वपूर्ण फ़र्ज़ है। रोज़ा भोर में सूर्योदय से पहले यानी फ़जर की नमाज़ से भी पहले शुरू होकर सूर्यास्त यानी मग़रिब की नमाज़ पर समाप्त होता है। इस दौरान कुछ भी खाना-पीना नहीं होता है। रमज़ान के महीने के दौरान, रोज़ेदार ख़ूब इबादत करते हैं, पवित्र क़ुरआन का पाठ करते हैं, ज़कात देते हैं और ऐसे काम करने की कोशिश करते हैं जिनसे सवाब यानि पुण्य हासिल हो। क़ुरआन में कई बार उल्लेख आया है कि रमज़ान में हर वयस्क पुरुष और महिला के लिए रोज़ा रखना अनिवार्य है। लेकिन जो लोग बीमार हैं, बहुत बूढ़े हैं, शारीरिक रूप से उपवास करने में असमर्थ हैं, मानसिक रूप से बीमार हैं, बहुत छोटे बच्चे हैं और गर्भवती महिलाएं हैं उन्हें रोज़ा न रखने की छूट दी गई है। महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान उपवास न करने की भी अनुमति है। रमज़ान का सार उपवास, प्रार्थना और व्यक्तिगत विकास के बीच संतुलन बनाने में निहित है। इन प्रथाओं को अपनाकर, मुसलमान परिवर्तन की उस यात्रा पर निकलते हैं जिससे न केवल उनके स्वयं के जीवन को लाभ होता है, बल्कि उनके आसपास के लोगों के जीवन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। रमज़ान आध्यात्मिक चिंतन, आत्म-सुधार, उच्च भक्ति, इबादत और अल्लाह के प्रति समर्पण का महीना है। रमज़ान में मुसलमानों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस्लाम की शिक्षाओं का पालन करने के लिए और अधिक प्रयास करेंगे।

रमज़ान इस्लामिक कैलेंडर में सबसे पवित्र महीना माना जाता है, क्योंकि ऐसी धारणा है कि कुरआन की पहली आयत इसी महीने में पैग़ंबर मोहम्मद साहब पर अवतरित हुई थी। रमज़ान को नेकियों का 'मौसम-ए-बहार' अर्थात 'बसंत' कहा गया है। रमज़ान न केवल मुसलमानों के लिए इबादत का महीना है बल्कि इसका सामाजिक महत्व भी है और यह सामाजिक सुधार की दिशा में बड़े बदलाव लाने का एक सशक्त उपकरण है। शर्त यह है मुसलमान इस बात को समझे कि रमज़ान सिर्फ़ भूखे और प्यासे रहने का नाम नहीं है, बल्कि यह महीना सामाजिक बुराइयों से हमेशा दूर रहने की कोशिश करने और संकल्प लेने का महीना है। दूसरों की तकलीफ़ों का समझना और उनकी मदद करना ही इसका असल मक़सद है। इसका मतलब यह है कि रमज़ान समाज को नैतिक पतन से बचाता है और समाज की बेहतरी में मदद करता है। इस बात को स्वीकार करना होगा कि अनुशासनहीनता जहां समाज के उत्थान में सबसे बड़ी रुकावट है, वहीं रमज़ान के रोज़े लोगों में अनुशासन का गुण पैदा करते हैं और उन्हें अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हर धर्म में किसी न किसी रूप में उपवास का प्रावधान है। पवित्र माह रमज़ान में रोज़ा रखने या किसी भी धर्म में उपवास रखने से ग़रीबों की भूख-प्यास का अहसास होता है। आध्यात्मिकता से इतर कई अध्ययनों से पता चलता है कि यही रोज़ा और उपवास लंबे समय तक जीने, अपने वज़न को नियंत्रित करने, अपने मूड और एकाग्रता में सुधार करने, अपनी ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने और नींद की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद कर सकता है। इससे पाचन तंत्र को आराम करने का मौक़ा मिल जाता है और मेटाबॉलिज़्म को बढ़ावा मिलता है।

रमजान में रोज़ा, नमाज, तरावीह की अतिरिक्त नमाज़, क़ुरआन की तिलावत के अलावा दान यानी ज़कात पर भी काफ़ी ज़ोर दिया जाता है। सालाना आय का २.५% दान करना ज़कात कहलाता है। सोने, चांदी, इनके ज़ेवर और तिजारत के माल पर ज़कात फ़र्ज़ है। जिसके पास साढ़े बावन तोला चांदी या साढ़े सात तोला सोना या इतनी रकम हो वह शख़्स पूरे साल के अपने माल और आय का हिसाब कर ज़कात अदा करे। ज़कात गरीबों के लिए मदद, करुणा और प्रेम की भावना पैदा करता है। यह अहंकार को नियंत्रित करता है। अमीर लोग ज़रूरतमंदों को ख़ुद से दूर करने के बजाय उनका सम्मान करते हैं। क़ुरआन ने ज़कात का पहला हक़ ग़रीबों और ज़रूरतमंदों को ही दिया है। रमज़ान में अपने पड़ोसियों से बेहतर संबंध बनाने में मदद मिलती है। ग़ैर-मुस्लिम भाइयों के बीच इफ़्तार की दावत सौहार्द बढ़ाने में सहायक होती है। सियासी इफ़्तार पार्टियों से अलग यह निजी दावतें ज़्यादा कारगर होती हैं। रमज़ान में किसी के प्रति मन में द्वेष भावना नहीं रखने, गाली-गलौज या वाद-विवाद से दूर रहने की ताक़ीद की जाती है। यही सब आदतें फिर साल भर की दिनचर्या का हिस्सा बन जाती हैं। रमज़ान दरअसल इसी आध्यात्मिकता का महीना है जिसकी गहराई में प्रेम, सौहार्द, समानता और मानवता रची-बसी है। ईद-उल-फ़ित्र पर्व को इसी रमज़ान का इनाम कहा जा सकता है।


(लेखक मुंबई विश्वविद्यालय, गरवारे संस्थान के हिंदी पत्रकारिता विभाग में समन्वयक हैं। देश के प्रमुख प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक हैं।)